थाना लालगंज के ग्राम ललियापार में एक बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन एडीजी जोन गोरखपुर के निर्देश, डीआईजी रेंज बस्ती के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार तथा महिला कांस्टेबल ममता चौहान की टीम द्वारा आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में स्थानीय आशा बहुएं, समूह सखी और महिला चौकीदार अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहीं। टीम ने गांव में घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क किया, उनकी समस्याओं को जाना और उन्हें जागरूक किया।
इसके बाद सभी महिलाओं को एक स्थान पर एकत्रित कर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और ‘मिशन शक्ति’ से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, मातृ शक्ति को संबल, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।










