मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 अक्टूबर को भाई दूज पर्व पर मुख्यमंत्री निवास में लाड़ली बहनों को शुभकामनाएं दीं। बहनों ने भी बड़ी संख्या में अपने लाड़ले सीएम भैया का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बहनों ने भाई-बहन के प्रेम-स्नेह पर आधारित निमाड़ी लोक संगीत की शानदार प्रस्तुति दी।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक कर उनकी दीर्घायु-उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दूसरी ओर, प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में उन्होंने एक तरफ बहनों की दिल खोलकर सराहना की, तो दूसरी ओर कांग्रेस पर जमकर बरसे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है। इस मौके पर लाड़ली बहनों ने कहा कि हम सब का सौभाग्य है कि हमें मुख्यमंत्री के रूप में एक भाई मिला है। वह हर संकट में हमारे साथ खड़ा है। बता दें, अब से मध्यप्रदेश की बहनों को हर महीने लाड़ली बहना योजना के 1500 रुपये मिलेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने कहा कि बहनों का आशीर्वाद सदैव सरकार के साथ है।
इसी कारण हम निर्भय होकर काम कर पाते हैं। आज बड़े सौभाग्य का दिन है। प्रदेश का मुख्यमंत्री निवास बहनों का घर बना है। उन्होंने कहा कि बहनों के माध्यम से दो परिवार एक साथ जुड़ते हैं। बहनों का हृदय विशाल है। वे शादी के बाद नए घर में जाकर नए माता-पिता के साथ रहती हैं। सनातन संस्कृति में उन्हें जगदंबा और लक्ष्मी का रूप कहा जाता है। वे सदैव चट्टान की तरह परेशानी के समय परिवार के साथ खड़ी रहती है।










