लालगंज, बस्ती | 19 जून 2025
लालगंज थाना क्षेत्र के गोलाघाट सुसीपार स्थित कुआनों नदी में बुधवार दोपहर नहाने गए दो किशोर रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए।
लापता किशोरों की पहचान प्रिंस (14 वर्ष) निवासी राजा मैदान महसों और अमित कुमार (17 वर्ष) निवासी थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई है, जो वर्तमान में अपने ननिहाल में रह रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और परिजनों को दी। मौके पर थाना लालगंज पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह भी पहुंचीं और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया।
अभी तक दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। घटनास्थल पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनका पुलिस और प्रशासन द्वारा ढाढ़स बंधाया जा रहा है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। हालांकि प्राथमिक जांच में किसी भी तरह की अप्राकृतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है। गोताखोरों की टीम लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग बच्चों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।