कलेक्ट्रेट में युवक ने खुद पर डाला पेट्रोल:एसडीएम ने समझाकर बचाई जान, जमीन विवाद को लेकर जताई नाराजगी बस्ती के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया।
युवक आत्मदाह की चेतावनी देने लगा। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर शत्रुघन पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को समझा-बुझाकर शांत कराया और बड़ी घटना होने से बचा लिया।
युवक की पहचान भगौती प्रसाद के रूप में हुई है। वह ग्राम पाऊ, तप्पा कनैला, परगना नगर पूरब, तहसील और जिला बस्ती का निवासी है।
भगौती प्रसाद ने बताया कि उसने जमीन का रजिस्ट्री बैनामा के जरिये पूर्ण हक हिस्सा प्राप्त किया है। उसने डीह आबादी का शपथ पत्र भी बनवाया है। वह लंबे समय से उक्त भूमि पर काबिज है।
जबरन कब्जे की कोशिश भगौती का आरोप है कि विपक्षी हिस्सा खरीदकर पूरे डीही आबादी पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उसने बताया कि 28 जुलाई को शाम 4.30 बजे थाना कलवारी और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारी विपक्षियों के साथ मिलकर कब्जा दिलाने पहुंचे थे।
युवक ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। उसने मांग की है कि जमीन पर उसके कब्जे में कोई हस्तक्षेप न किया जाए। साथ ही थानाध्यक्ष को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है।
news xprees live















