Udaipur में बाइक चोरी के एक मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां पुलिस महंगी बाइक की तलाश में टालमटोल करती रही, वहीं पीड़ित युवक ने खुद सीसीटीवी फुटेज खंगाले, सोशल मीडिया पर इनाम घोषित किया और आखिरकार 61 किलोमीटर दूर जाकर अपनी बाइक बरामद कर ली।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि बाइक मिलने के बाद भी पुलिस आखिर चोरों तक कब पहुंचेगी।
यह मामला हाथीपोल थाना क्षेत्र के नवरत्न कॉम्प्लेक्स लिंक रोड निवासी 25 वर्षीय अब्बास पुत्र अली हुसैन कानोड़वाला से जुड़ा है। 10 मई की सुबह Maharana Bhupal Hospital परिसर से उसकी लाल रंग की Bajaj Pulsar बाइक चोरी हो गई थी।
अब्बास ने तुरंत हाथीपोल थाने में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने के बजाय उसे खुद सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कह दिया। परिजनों के अनुसार अस्पताल और आसपास लगे कैमरों की जांच में दो युवक बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले जाते दिखाई दिए।
पीड़ित परिवार ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दिए, लेकिन इसके बावजूद एफआईआर दो दिन बाद दर्ज की गई। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज परिवार ने सोशल मीडिया पर बाइक की सूचना देने वाले के लिए 5000 रुपये के इनाम की घोषणा कर दी।
14 मई को बाइक की लोकेशन उदयपुर से करीब 61 किलोमीटर दूर बेकरिया थाना क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके अगले दिन अब्बास अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से फिल्मी अंदाज में एक जीप रुकवाकर उसमें से अपनी बाइक बरामद कर ली।
परिवार का आरोप है कि बाइक बरामद होने के बाद भी पुलिस चोरों तक पहुंचने में गंभीरता नहीं दिखा रही है। वहीं हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम भेजी गई है और मामले की जांच जारी है।














