बस्ती के हरैया नगर पंचायत में एक सेवा प्रदाता संस्था के मालिक पर जमानत धनराशि की एफडीआर को कूटरचित साक्ष्य देकर निकालने का मामला सामने आया है। नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह राजू की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मामला वर्ष 2020 से 2023 तक का है। इस दौरान लक्ष्य फाउंडेशन के प्रोपराइटर आदित्य श्रीवास्तव ने जेम पोर्टल के माध्यम से नगर पंचायत हरैया में मानव संसाधन और श्रमिकों की आपूर्ति का काम लिया था। नियमानुसार उन्होंने केनरा बैंक की बस्ती शाखा से 82,550 रुपए की एफडीआर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत हरैया के पक्ष में बंधक रखी थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही
जब संस्था पर अनियमितता पाई गई, तो 7 नवंबर 2024 को तत्कालीन अधिशासी अधिकारी संजय कुमार राव ने केनरा बैंक से उक्त धनराशि जब्त करने का अनुरोध किया। लेकिन बैंक ने सूचित किया कि आदित्य श्रीवास्तव ने एफडीआर की मूल प्रति गायब होने का साक्ष्य देकर 29 अगस्त 2024 को ही धनराशि निकाल ली थी।
इसके बाद 16 जनवरी 2025 को अधिशासी अधिकारी ने सीओ हरैया से मामले की जांच करने को कहा। लगभग छह महीने तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः नगर पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनंदन से मिलकर शिकायत की। उनके निर्देश पर मामला दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक हरैया तहसीलदार ने बताया कि इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है।
news xprees live















