नगर पालिका परिषद बस्ती द्वारा वार्ड नंबर 6 इटैलिया मोहल्ले में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य सलमा के घर से सरोज के घर तक किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों को इससे राहत मिलने की उम्मीद थी। लेकिन निर्माण कार्य में अचानक बाधा उत्पन्न हो गई।
मोहल्ले के ही कुछ लोगों ने इसे रुकवाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जानबूझकर निर्माण कार्य में व्यवधान डाला जा रहा है। इससे मोहल्ले में आवागमन प्रभावित हो रहा है। राहगीरों के साथ-साथ छोटे बच्चों को भी आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई बच्चे सड़क पर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मोहल्ले के लोगों ने उपजिलाधिकारी बस्ती सदर को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने अनुरोध किया है कि निर्माण कार्य को बाधित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जाए। साथ ही अधूरे पड़े कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए।
ज्ञापन देने वालों में मोहल्लेवासी रईस, सरिता, शहीदन, निशा, अन्तु, पूनम और शिवकुमार सहित अन्य लोग शामिल रहे। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य को निर्बाध रूप से पूरा कराने की मांग की है। इससे आमजन को राहत मिल सकेगी और मोहल्ले का विकास कार्य आगे बढ़ सकेगा।
news xprees live















