बस्ती। ग्राम पंचायत गोटवा के राजस्व ग्राम कूड़ी में स्थित प्राथमिक विद्यालय को पुनः संचालित करने का आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बस्ती ने जारी कर दिया है। पूर्व में इस विद्यालय का विलय कर दिया गया था, जिसके चलते ग्रामीण बच्चों को दूर-दराज के विद्यालयों तक जाना पड़ता था। अब यह विद्यालय अपने पुराने स्वरूप में ही पुनः शुरू होगा।
गांव के लोगों ने इस निर्णय का जोरदार स्वागत किया है और इसे बच्चों के उज्ज्वल शैक्षिक भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया है। उनका कहना है कि विद्यालय के पुनः संचालन से नौनिहालों को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहूलियत होगी और “सबको शिक्षा” के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

ग्राम पंचायत गोटवा की ओर से पूर्व ग्राम प्रधान राम चरित्र यादव ने बताया कि विद्यालय को फिर से खोलने के लिए पंचायत की तरफ से जिलाधिकारी, बस्ती को एक खुला पत्र भेजा गया था। आज उसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है, जिसके लिए समस्त ग्रामवासी जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी के आभारी हैं।

ग्रामवासियों का मानना है कि यह निर्णय बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगा और प्रशासन की संवेदनशीलता व दूरदर्शिता को दर्शाता है।
इस अवसर पर राजाराम, जनार्दन यादव, जयराज यादव, सत्तार अली, इंसान अली, मोहम्मद हुसैन, राम प्रसाद, सियाराम, कमलेश यादव, अनीता देवी, मिसला देवी, संजय यादव, मोहम्मद अली, ओम प्रकाश यादव, राम बोध, रामविलास, बाबूराम, राम जनक, लच्छू, गोविंद यादव, रामप्रसाद, जैसराम आदि ग्रामवासी उपस्थित रहे और विद्यालय के पुनः संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की।















