बस्ती में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ और आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा के नेताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपा।
लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता आशोक कुमार प्रभात ने कलवारी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। वे कलवारी मुस्तहकम गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें मनबढ़ और भयंकर प्रवृत्ति का पेशेवर अपराधी बताया है। थाने ने इस आशय की चालानी रिपोर्ट न्यायालय में भेजी है।
आशोक प्रभात ने कहा कि वे दलित समाज सेवी और मजदूर नेता हैं। वे हमेशा अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते रहे हैं। उन पर दर्ज सभी मुकदमे राजनीतिक प्रेरणा से किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई से उनकी सामाजिक छवि धूमिल हो रही है। वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन में सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से प्रदीप यादव, संदीप निषाद, ओंकार गौंड समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए। आजाद समाज पार्टी युवा मोर्चा से रामकेश भारती, अमित कुमार और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने कहा कि आशोक प्रभात को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
news xprees live















