भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिवार पर इस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में शादी की तैयारी चल रही थी, इस बीच 27 फरवरी की सुबह रिंकू के पिता का निधन हो गया, जिससे रिंकू और प्रिया की शादी की तारीख भी आगे बढ़ाई जा सकती है।
रिंकू के पिता खानचंंद ने नोएडा के यथार्थ अस्पताल में आखिरी सांस ली। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पिता की खबर मिलने पर टी-20 विश्वकप के दौरान टीम का प्रैक्टिस सेशन छोड़कर मंगलवार को रिंकू घर लौट आए थे।
रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बड़ा योगदान माना जाता रहा है। संघर्ष के दिनों में उन्होंने बेटे का हौसला बढ़ाया और हर कदम पर साथ खड़े रहे। इस दुखद क्षण में खेल जगत और प्रशंसक परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। वहीं लोग इंटरनेट मीडिया पर भी शोक व्यक्त कर रहे हैं।
क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर की प्रिया सरोज की शादी जून में होनी है। इसके लिए स्वजन तैयारी में लगे हैं। दोनों की सगाई पिछले वर्ष आठ जून को लखनऊ के एक होटल में पारिवारिक और करीबी लोगों की मौजूदगी में हुई थी। इससे पहले 18 नवंबर 2025 को शादी की तारीख तय हुई थी,
लेकिन आइपीएल और अन्य क्रिकेट व्यस्तताओं के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। रिंकू का परिवार मूल रूप से बुलंदशहर जिले के गांव दानपुर का निवासी है। करीब 25 वर्ष पहले पिता खानचंद रोजगार की तलाश में अलीगढ़ आकर बस गए थे। बुलंदशहर में आज भी उनका पुश्तैनी मकान मौजूद है।
अलीगढ़ में बेहद साधारण परिस्थितियों में पले-बढ़े रिंकू ने दो कमरों के घर में बचपन बिताया। उनके पिता को गोविला गैस एजेंसी में घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का काम करना पड़ा। परिवार आर्थिक तंगी से गुजता रहा। गौरतलब है कि रिंकू सिंह ने हाल के वर्षों में भारतीय क्रिकेट में अपनी एक खास पहचान बनाई है।
अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच जिताऊ पारियों के लिए जाने जाने वाले रिंकू सिंह का क्रिकेट करियर काफी प्रेरणादायक रहा है। उनके पिता खानचंद सिंह ने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित किया और उनके क्रिकेटिंग सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।















