9 जून से हाथों में काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे कलेक्ट्रट कर्मी
बस्ती। जनपद के हर्रैया तहसील के उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश के साथ कुछ अधिवक्ताओं द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की घटना से कर्मचारी संगठनों में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को उ.प्र. मिनीस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की बैठक अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यालय कक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन महामंत्री आशीष कुमार ने किया। निर्णय लिया गया कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र प्रभावी कार्यवाही न हुई तो कलेक्ट्रेटकर्मी 9 जून से अपने बाहों पर काला फीता बांधकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
बैठक को सम्बोधित करते हुये मिनीस्ट्रीयल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ के प्रान्तीय उपाध्यक्ष अशोक मिश्र व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिलाध्यक्ष मस्तराम वर्मा ने हर्रैया के उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश के साथ अधिवक्ताओं द्वारा दुर्व्यवहार किये जाने के घटना की कड़े शब्दों में निन्दा करते हुये मांग किया कि दोषियों के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाए।
परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष राम अधार पाल ने कहा कि उप जिलाधिकारी मनोज प्रकाश की घटना यह सिद्ध करती है कि जब मजिस्ट्रेट ही सुरक्षित नही है तो कर्मचारियों की सुरक्षा का क्या होगा। मांग किया कि समूचे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही की जाए। बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष चन्द्रिका सिंह, परिषद के मंत्री तौलू प्रसाद, सिंचाई संघ संरक्षक राम स्वारथ चौधरी, अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, गौरीशंकर, पेंशनर कल्याण संस्था अध्यक्ष जलादुदीन कुरेशी, दीपक शुक्ल, प्रेम कुमार, सुनील शाह, शिवांश मिश्र आदि मुख्य रूप में से उपस्थित रहे।
news xpress live