बस्ती।
कोतवाली थाना क्षेत्र के बरसाव गांव में शुक्रवार को जमीनी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। गांव की रहने वाली संजू सिंह पत्नी रामकिंकर सिंह ने कोतवाली थाने में एक प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही संतोष सोनी, पंकज सोनी, जीवनलाल, छल्लालाल, सोनू, राम प्रसाद तथा मझरिया विक्रम निवासी सुधाकर तिवारी सहित कुल 11 लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्रीमती संजू सिंह के अनुसार, आरोपीगण उनके परिवार की जमीन पर जबरन कब्जा करने की नीयत से पहुंचे। जब उनके पति ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हमलावरों ने उनके पति पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के शराफत हुसैन, अब्दुल हई, मोहम्मद हुसैन और साजिदा खातून को भी नहीं बख्शा गया। इस हमले में शराफत हुसैन और अब्दुल हई को गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
श्रीमती संजू सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपीगण इतने दबंग हैं कि गांव का कोई भी व्यक्ति उनके खिलाफ गवाही देने को तैयार नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।












